चंडीगढ़, 11 नवंबर (वार्ता) चंडीगढ़ में 22 नवंबर को द्वितीय अंतरराष्ट्रीय मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में देश-विदेश के 7000 से अधिक धावकों के शामिल होने की संभावना है।
मैराथन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव हिरिअडका राजेश प्रसाद ने बुधवार को यूटी सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में गृह सचिव मंदीप सिंह बराड़, खेल सचिव प्रेरणा पुरी, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, एसएसपी यातायात एवं सुरक्षा सुमेर प्रताप सिंह और खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा सहित नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, परिवहन, शिक्षा, इंजीनियरिंग और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
खेल सचिव प्रेरणा पुरी ने बताया कि प्रशासन के खेल विभाग की ओर से आयोजित इस मैराथन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतिभागियों के लिए 21 नवंबर को बिब एक्सपो आयोजित किया जाएगा। खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा ने बताया कि बड़ी संख्या में धावक पहले ही पंजीकरण करा चुके हैं। पंजीकरण अगले चार दिनों तक जारी रहेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का यह आयोजन चंडीगढ़ को प्रमुख खेल आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित करने में मददगार होगा। उन्होंने प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयोजन को यादगार बनाने पर जोर दिया।
बैठक में यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। प्रशासन का उद्देश्य मैराथन के माध्यम से नागरिकों में शारीरिक फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और खेल भावना को बढ़ावा देना है।
