नयी दिल्ली, 18 जून (वार्ता) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शिवसेना (यूबीटी) में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच राज्यसभा सदस्य संजय राउत की टिप्पणियों को स्तरहीन बताते हुए उन पर प्रतिक्रिया देने से इनकार किया और कहा कि उनके आरोपों और अपशब्दों का जवाब देना उचित नहीं होगा। श्री रिजिजू ने गुरुवार को यहां पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा, “संसद में जो कुछ हो रहा है, वह सभी देख रहे हैं। मुझे अलग से कुछ कहने की जरूरत नहीं है। यदि हम संजय राउत के बयानों का जवाब देंगे तो यह अच्छा नहीं लगेगा, क्योंकि हर सांसद अपने क्षेत्र, अपने भविष्य और अपनी राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार सोचता और काम करता है। हर दल का अपना काम करने का तरीका होता है।”
उन्होंने कहा, “मैं यह टिप्पणी नहीं कर सकता कि शिवसेना के किस सांसद को क्या करना चाहिए। संसद में लाए जाने वाले विधेयकों पर हम सभी सांसदों का सहयोग चाहते हैं, लेकिन यदि संजय राउत किसी पर आरोप लगाते हैं या अपशब्दों का प्रयोग करते हैं तो उनका जवाब देना उचित नहीं होगा।”
इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता एवं सांसद अरविंद सावंत ने कहा है कि संसदीय दल की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पार्टी के छह सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इन सांसदों की सदस्यता समाप्त करने की मांग को लेकर पार्टी लोकसभा अध्यक्ष को पत्र भी लिखेगी।

