
जबलपुर। ड्यूटी के दौरान घायल यात्री की सूचना मिलते ही सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर चतर सिंह मीना ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए ट्रेन रुकवाकर घायल यात्री को सुरक्षित ब्रेक वैन में पहुंचाया और प्राथमिक उपचार दिया। गत दिवस गाड़ी संख्या 22182 में सागर से जबलपुर ड्यूटी के दौरान आधारताल स्टेशन के उप स्टेशन प्रबंधक ने उन्हें आधारताल-जबलपुर के बीच किमी 995/21-19 के पास एक यात्री के घायल होने की सूचना दी। मीना ने तत्काल चालक से ट्रेन रुकवाई और घायल 22 वर्षीय सुजीत कुमार पटेल, निवासी कटनी को ट्रेन में लेकर जबलपुर के लिए रवाना हुए।जबलपुर स्टेशन पहुंचते ही वाणिज्य विभाग, आरपीएफ और जीआरपी ने समन्वय कर घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया।
रेलवे स्टाफ ने उसके परिजनों से भी संपर्क किया। परिजनों के अनुसार सुजीत का ऑपरेशन हो चुका है और अब उसकी स्थिति ठीक है। समय पर सूचना मिलने से लेकर ट्रेन रुकवाने, प्राथमिक उपचार देने और स्टेशन पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तक रेलकर्मियों की तत्परता ने एक बार फिर यात्री सेवा के साथ मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की।
