नौगांव तहसील से जमानत के दौरान आरोपी फरार

छतरपुर। जिले के नौगांव तहसील परिसर में बीती शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमानत की प्रक्रिया के दौरान एक आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170 के तहत जमानत से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, अलीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम टीला में हुए आपसी विवाद के मामले में पुलिस ने करन पाल, शिवपाल यादव और बृजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था। बीती शाम तीनों आरोपियों को जमानत के लिए नौगांव तहसीलदार रमेश कौल की अदालत में पेश किया गया।

तहसील कार्यालय में जमानत की कार्रवाई चल रही थी। दो आरोपियों के दस्तावेज पूरे हो चुके थे, जबकि तीसरा आरोपी पुलिस हिरासत में लघुशंका के लिए बाहर गया। इसी दौरान नौगांव थाना पुलिस को सूचना मिली कि यह आरोपी किसी अन्य मामले में भी वांछित है। सूचना मिलते ही नौगांव थाना पुलिस तहसील परिसर पहुंची।

पुलिस को देखते ही आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और तहसील परिसर के बाईं ओर स्थित एक छोटे गेट से दौड़कर फरार हो गया। अलीपुरा थाना पुलिस ने पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया। देर रात तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा।

इस घटना के बाद जमानत नोटशीट और दस्तावेजों को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी रही। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Next Post

सम्मान पर रार: दो बार निलंबित शिक्षक को मिला गणतंत्र दिवस सम्मान

Wed Jan 28 , 2026
बैतूल। विगत गणतंत्र दिवस पर बैतूल जिले में जिला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए एक शिक्षक को सम्मानित किए जाने से विवाद खड़ा हो गया है। प्राथमिक शाला मरामझिरी, संकुल केंद्र कन्या गंज में पदस्थ शिक्षक सुभाष सिंह ठाकुर को प्रशंसा पत्र दिए जाने पर आपत्ति दर्ज […]

You May Like