कर्ज के दबाव में महिला ने खाया ज़हर

इंदौर:द्वारकापुरी क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने सुबह कर्ज के दबाव और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर ज़हर खा लिया. परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. महिला ने कुछ माह पूर्व पैसे उधार लिए थे और उस पर एग्रीमेंट के तहत आज अंतिम दिन था. आरोप है कि ब्याज और धमकियों के चलते वह दो दिनों से मानसिक तनाव में थी.

मृतका की पहचान रानी सोनी पति घनश्याम सोनी निवासी द्वारकापुरी के रूप में हुई है. परिजनों ने पुलिस को बताया कि रानी के पति ने किसी योगेश नामक व्यक्ति से कुछ समय पहले रुपए उधार लिए थे, जो मूल राशि चुका चुके थे, लेकिन ब्याज और उस पर भी ब्याज की लगातार मांग की जा रही थी. आरोप है कि पैसे देने वाले ने तीन महीने पहले पुलिस में भी शिकायत की थी, जिसके बाद एक लिखित एग्रीमेंट कराया था. परिजनों का कहना है कि योगेश लगातार धमकियां दे रहा था और महिला पर मानसिक दबाव बना रहा था. कथित तौर पर वह बार-बार जेल भिजवाने की बात कह रहा था.

एग्रीमेंट की अवधि शाम पांच बजे समाप्त होती इससे पहले ही सुबह रानी ने सल्फास की गोलियां खा लीं. पुलिस को मौके से फटे हुए सुसाइड नोट के टुकड़े भी मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि महिला ने अपनी पीड़ा लिखी थी लेकिन आत्महत्या से पूर्व उसे फाड़ दिया. द्वारकापुरी पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर जांच शुरू कर दी गई है और मर्ग कायम किया जाएगा. आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे बिंदुओं पर भी विवेचना की जा रही है. दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

एक पेड़ मां के नाम: छात्रों ने लगाए पौधे, प्राचार्य ने किया प्रेरित

Tue Jul 8 , 2025
मंडला: एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत शासकीय जगन्नाथ उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में सघन वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हरित आवरण में वृद्धि करना रहा।विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती कल्पना नामदेव ने स्वयं पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत […]

You May Like