इंडियन आइडल का पहला अंतरराष्ट्रीय एपिसोड अबू धाबी के यास आइलैंड में

मुंबई, 14 फरवरी (वार्ता) लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना विशेष एपिसोड आयोजित करने जा रहा है।
यह खास एपिसोड अबू धाबी के मशहूर यास आइलैंड में फिल्माया जाएगा, जो इस लंबे समय से प्रसारित शो के लिए एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है।
‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम वाले इस स्पेशल एपिसोड में इंडियन प्लेबैक सिंगर और कंपोज़र मधुबंती बागची गेस्ट के तौर पर होंगी। बागची को ‘स्त्री 2’ के ‘आज की रात’, ‘पुष्पा 2: द रूल’ के ‘पीलिंग्स’ और ‘धुरंधर’ के ‘शरारत’ जैसे गानों के साथ-साथ सेशेर इशारे और भालो लेगे जाए जैसे कई बंगाली ट्रैक के लिए जाना जाता है।
देशभर के उभरते गायकों को मंच देने वाला यह शो यास आइलैंड में अपने इस विशेष एपिसोड की शूटिंग करेगा। यास आइलैंड एक अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन केंद्र है, जहां बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

शो के जज विशाल ददलानी ने कहा, “ऐसे पल उभरते कलाकारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ये उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, उनके सपनों को नयी दिशा देते हैं और दिखाते हैं कि इंडियन आइडल किस स्तर पर काम करता है। आज भारतीय संगीत को दुनिया भर में सुना और सराहा जा रहा है। यास आइलैंड पर यह विशेष एपिसोड प्रतिभागियों को वैश्विक मंच के लिए तैयार करेगा।” जज बादशाह ने कहा, “यह एपिसोड सभी के लिए एक नयी उत्सुकता लेकर आया है। भारतीय संगीत और प्रतिभा को दुनियाभर में पसंद किया जाता है। यास आइलैंड में शूटिंग से प्रतिभागियों का आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और वैश्विक मंच पर प्रदर्शन उन्हें बेहतर करने के लिए प्रेरित करेगा।”

शो के होस्ट आदित्य नारायण ने कहा, “इंडियन आइडल ने हमेशा प्रतिभाओं को पहचानने और निखारने में नए मानक स्थापित किए हैं। यह शो सपनों का जश्न मनाता है और यह अंतरराष्ट्रीय एपिसोड इसके बढ़ते दायरे और महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।”गौरतलब है कि शो की शुरुआत के बाद यह पहली बार है जब इंडियन आइडल का कोई एपिसोड भारत के बाहर फिल्माया जा रहा है।

Next Post

बुरहानपुर में होगी एग्रीकल्चर बेस्ड रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव : सीएम डॉ यादव

Sat Feb 14 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश का चहुंमुखी विकास ही सरकार का एकमात्र लक्ष्य है। आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में हर नागरिक की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबको साथ और विश्वास में लेकर हम ऐसे नये मध्यप्रदेश का निर्माण […]

You May Like