भैरुंदा। पुलिस ने बाइक चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए चोरी गई बाइक बरामद करते हुए बाल अपचारी को हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसार ग्राम जोगला निवासी भगवत हरियाले ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई की सुबह उन्होंने अपनी बाइक डॉक्टर राय के मकान के सामने खड़ी की थी. कुछ देर बाद लौटने पर बाइक गायब मिली. उन्होंने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई. एसडीओपी रोशन जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने एक टीम का गठन किया. जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक संदेही विधि-विरुद्ध बालक की पहचान की. पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर शासकीय कॉलेज के पीछे से बाइक बरामद कर ली गई. बरामद वाहन की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है.
