इंदौर:यातायात पुलिस ने शनिवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे में धुत ट्रक चालक को दबोच लिया. चालक बापट चौराहे क्षेत्र में रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में ट्रक दौड़ा रहा था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था. ट्रक नम्बर एमपी 09 जीएच 4696 का चालक सयाजी से नक्षत्र गार्डन की ओर रॉन्ग साइड से तेजी से जा रहा था. यातायात उपनिरीक्षक मकुंदी लाल अहिरवार, आरक्षक धर्मेंद्र और संदीप ने रोकने की कोशिश की तो चालक ट्रक को और तेज गति से वापस बापट चौराहे की ओर भगाने लगा।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रक रोका. जांच में पाया गया कि चालक सरवर खान पिता लियाकत खान नशे में था. ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में उसके शरीर में 156/100 एमएल अल्कोहल मिला है. पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और 184 के तहत कार्रवाई करते हुए ट्रक को जप्त कर लिया. अधिकारियों ने बताया कि यातायात पुलिस शहर को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है और लापरवाह, नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
