नयी दिल्ली, 24 जून (वार्ता) तमिलनाडु के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ यो महेश 2026-27 के घरेलू सीज़न के लिए तमिलनाडु के मुख्य कोच नियुक्त किए गए हैं। पिछले सीज़न में तमिलनाडु की अंडर-19 टीम को देखने के बाद 38 वर्षीय यो महेश लाल और सफ़ेद गेंद दोनों ही टीमों का प्रभार संभालेंगे। यो महेश, पिछले सीज़न स्प्लिट कोचिंग भूमिकाओं में नज़र आए एम सेंतिलनाथन और एम वेंकटरमण की जगह लेंगे।
रणजी ट्रॉफ़ी के पहले चार राउंड में जीत का स्वाद न चखने के बाद तमिलनाडु ने वेंकटरमण को अपने सफ़ेद गेंद कोच के तौर पर जोड़ा था और सेंतिलनाथन की भूमिका रणजी ट्रॉफ़ी तक ही सीमित रह गई थी। तमिलनाडु, रणजी ट्रॉफ़ी, 50-ओवर के टूर्नामेंट विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी और टी 20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक़ अली ट्रॉफ़ी में से किसी के नॉकआउट में नहीं पहुंच पाया।
यो महेश की नियुक्ति की पुष्टि तमिलनाडु क्रिकेट संघ (टीएनसीए) की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने बुधवार को की। जे हरीश जो कि टीएनपीएल में लाइका कोवई किंग्स के मुख्य कोच और आईपीएल में सनराइज़र्स हैदराबाद (एसआरएच) के सहायक बल्लेबाज़ी कोच हैं, वह घरेलू सीज़न में सफ़ेद गेंद क्रिकेट में यो महेश के सहायक की भूमिका में नज़र आएंगे।
यो महेश ने 2020 में क्रिकेट से पूरी तरह से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपने 59 प्रथम श्रेणी मुक़ाबलों में 108 विकेट हासिल किए थे जबकि लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 24.67 की औसत से 93 विकेट हासिल किए थे। बतौर खिलाड़ी आईपीएल में वह दिल्ली डेयरडेविल्स और चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके थे।
संदीप पाटिल बने मुंबई के मेंटॉर
पूर्व विश्व कप विजेता संदीप पाटिल आगामी घरेलू सीज़न में मुंबई की टीम के मेंटॉर नियुक्त किए गए हैं। 69 वर्षीय पाटिल ने भारत के लिए 1980 से 1986 के बीच 29 टेस्ट और 45 वनडे खेले। 1983 में विश्व कप जीत में पाटिल ने 90 के स्ट्राइक रेट से कुल 216 रन बनाए थे। बतौर खिलाड़ी संन्यास लेने के बाद पाटिल ने इंडिया ए और केन्या को कोचिंग दी थी।
वहीं लगातार चौथे सीज़न के लिए ओमकार साल्वी को मुंबई का कोच बरक़रार रखा गया है। साल्वी ने हाल ही में बतौर गेंदबाज़ी कोच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथ लगातार दूसरा आईपीएल ख़िताब जीता है।
