
कोलकाता। दक्षिण कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के नजदीक बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि मलबे में दबे 21 लोगों को रेस्क्यू टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
हादसे की भयावहता को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी 40 से अधिक लोग फंसे हो सकते हैं। यदि यह आंकड़ा सही साबित होता है तो मृतकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। हादसे के समय गोदाम में कितने मजदूर और कर्मचारी मौजूद थे, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आ सकी है।
घटना के बाद पुलिस, एनडीआरएफ और सेना के जवानों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। मलबे में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए गैस कटर से लोहे के भारी ढांचों को काटा जा रहा है, वहीं मलबा हटाने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के वक्त गोदाम में कंक्रीट ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शेड गिर गया और बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में आ गए। प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिया है।
