मक्सी: थाना तराना क्षेत्र के ग्राम कनासिया स्थित आमडी के खाल (नाले) में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और बेटे को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की शराबखोरी और आए दिन होने वाले विवादों से परेशान होकर दोनों ने उसकी हत्या कर दी थी।पुलिस के अनुसार 1 जून को ग्राम कनासिया स्थित आमडी के खाल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना तराना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान मदनलाल पिता तोलाराम (35 वर्ष), निवासी ग्राम नायता पोलाय, थाना टोंकखुर्द जिला देवास के रूप में हुई।
पुलिस जांच में पता चला कि मदनलाल शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में आए दिन परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों से विवाद, झगड़ा और मारपीट करता था। उसकी हरकतों से परिवार लंबे समय से परेशान था। लगातार हो रही प्रताड़ना और विवादों से तंग आकर उसकी पत्नी और बेटे ने मिलकर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को आमडी के खाल में फेंक दिया।
मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सौरम बाई (40 वर्ष) एवं पुत्र संजू सोलंकी (22 वर्ष) को राउंडअप कर पूछताछ की, जिसमें घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है तथा मामले की आगे जांच जारी है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक कुमार शर्मा एवं एसडीओपी तराना भविष्य भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामनारायण सिंह भदौरिया और उनकी टीम ने मामले का त्वरित खुलासा किया।
