
सीहोर. एक दिन पहले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में धर्मांतरण कराने के मामले में दूसरे दिन सोमवार देर शाम कोतवाली पुलिस ने आरोपी जब्बार खान और उसकी पत्नी ताहिरा खान के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. वहीं पुलिस आरक्षक वीरेंद्र अहिरवार को निलंबित कर दिया गया है.
इधर प्रकरण दर्ज होने के बाद भी हिंदू संगठन आक्रोशित हैं. देर शाम तक वे आरक्षक वीरेंद्र अहिरवार के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने के लिए कोतवाली में डटे रहे.
रविवार को विहिप बजरंग दल के पदाधिकारियों ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पहुंचकर यहां लोगों का धर्मांतरण होने से रोका था. सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और आरोपी जब्बार खान व अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए कोतवाली लेकर आई थी. मामला पैचीदा होने के कारण कोतवाली पुलिस ने न्यायिक अभिमत लेने के बाद दूसरे दिन सोमवार देर शाम को दो आरोपी जब्बार खान और उसकी पत्नी ताहिरा खान के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस ने आरोपी जब्बार को अभिरक्षा में लिया है. घटना के वक्त मौजूद आरक्षकवीरेंद्र अहिरवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. हालांकि विभागीय कार्यवाही के लिए अधिकारियों ने आश्वासन दिया है.
