
सीधी। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तारतम्य में पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना बहरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध कड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 03 शातिर नशा सौदागरों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
नशे की जड़ पर प्रहार करने के उद्देश्य से गठित पुलिस टीम को मिली सूचना के आधार पर ग्राम परसवार गोडाही तिराहा पर पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर मौके से तीन संदिग्धों को पकड़ा, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से घातक मादक पदार्थ स्मैक (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 37 हजार 200 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। जब्ती में नशीला पदार्थ 15 ग्राम 41 मिलीग्राम स्मैक कीमत लगभग 45 हजार रुपये, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी एमपी53 जेडसी 5460 ,
एक इलेक्ट्रॉनिक मिनी तराजू एवं 03 एंड्रॉइड मोबाइल फोन शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों पर मामला दर्ज-
पकड़े गए आरोपी राजू सिंह पिता उदयभान सिंह 49 वर्ष निवासी मिर्जापुर (उ.प्र.), रूपेश द्विवेदी पिता दिवाकर प्रसाद द्विवेदी 38 वर्ष निवासी सीधी एवं मनमोहन सिंह चौहान पिता आरएन सिंह 30 वर्ष निवासी पुलिस लाइन, सीधी शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों के नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पांडेय, सउनि अविनेश चौधरी, प्रआर रामसुन्दर साकेत, आरक्षक राजकमल भुर्तिया, चैतन्य मिश्रा और संदीप गुर्जर की मुख्य भूमिका रही।
पुलिस ने की नागरिकों से अपील –
सीधी पुलिस ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत जिले को पूरी तरह नशा मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। आम जन से अपील की गई है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी गुप्त रूप से पुलिस के साथ साझा करें।
