जबलपुर:अवैध वेण्डरों द्वारा बेस किचन से रेलवे स्टेशन जबलपुर पर यात्रियों को खाना सप्लाई करने की सूचना पर आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए नौ अवैध वेंडरों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई के दौरान टीम ने रेलवे स्टेशन जबलपुर पर एम्बुश लगाकर स्टेशन पर अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले अभिषेक वर्मा 21 वर्ष, मोहन कुशवाहा 28 वर्ष, हिमांशु जायसवाल 30 वर्ष, संदीप साकेत 19 वर्ष, प्रदीप रजक 28 वर्ष, कृष्ण कुमार कोल 31 वर्ष, लखन लालवानी 29 वर्ष, विकास बनासी 28 वर्ष, आकाशपुरी 21 वर्ष को पकड़ा गया।
अवैध वेंडरो ने बताया कि सिविल लाईन जबलपुर पोस्ट ऑफिस के पास स्थित बेस किचन जिसका संचालक जियाउल हक मंसूरी उर्फ रिंकू है, जिसके बेस किचन में बने खाने को वे ट्रेन यात्रियों को जबलपुर स्टेशन पर सप्लाई करते हैं, जिसके एवज में उन्हे कमीशन मिलता है। मामले की सूचना जबलपुर फूड इंस्पेक्टर श्रीमती माधुरी मिश्रा, सिविल पुलिस थाना जबलपुर को सूचित किया गया।
बेस किचन की हुई जांच
टीम ने बेस किचन पहुंचकर फूड इंस्पेक्टर द्वारा चेक किया गया, जिसमें उनके द्वारा बेस किचन के फूड को अनहाईजीनिक बताया गया। दुकान संचालक के द्वारा पेश किए फूड लाइसेंस को अवैध माना गया। मौके से तीन गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान जब्त किया गया।
