पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान आपत्तिजनक बयान के मामले में गिरफ्तार

अशोकनगर, 13 मई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान उर्फ ‘डग्गी राजा’ को मंगलवार को मध्यप्रदेश के अशोकनगर जिले की चंदेरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें शिवपुरी जिले के बामौरकला थाना क्षेत्र के बरतुला गांव से पकड़ा गया।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें ग्वालियर स्थित एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार पूर्व विधायक चौहान का एक वीडियो रविवार रात सामने आया था, जिसमें वे एक समाज विशेष के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते सुने जा रहे थे। इसके बाद संबंधित समाज समाज में तीव्र आक्रोश फैल गया। सोमवार को समाज के लगभग 35 लोगों ने चंदेरी थाने पहुंचकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

अशोकनगर पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन ने बताया कि पुलिस मंगलवार सुबह से ही चौहान के निवास के बाहर तैनात थी। इस दौरान वे घर से बाहर निकलकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें बरतुला गांव से गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में नारायण सिंह यादव की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 के तहत गैरजमानती प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने बताया कि यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और पूर्व विधायक को विधिसम्मत रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी कि इस मामले सहित गोपाल सिंह चौहान पर अब तक कुल 11 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इस बीच पूर्व विधायक चौहान ने सोमवार को एक वीडियो जारी कर संबंधित समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना की थी, लेकिन आक्रोश शांत नहीं हुआ और कानूनी कार्रवाई की मांग को देखते हुए पुलिस ने यह गिरफ्तारी की।

 

Next Post

जंगली हाथियों के प्रबंधन के लिए 47 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक की योजना की स्वीकृति

Tue May 13 , 2025
हाथी मित्र दल के गठन की मंजूरी मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में मानव-हाथी द्वंद को कम करने और जंगली हाथियों के प्रबंधन के लिए वित्तीय […]

You May Like