चेरो आर्चर्स ने शानदार वापसी करते हुए काकतीय वॉरियर्स को 6-0 से हराया

शानदार फॉर्म में चल रहे अतानु दास की अगुआई में चेरो आर्चर्स ने अब तक खेले चार मुकाबलों में तीसरी जीत दर्ज की है। शुरुआती दौर में टीम खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है। वहीं, स्थानीय फ्रेंचाइजी काकतीय नाइट्स के नाम अब दो जीत और दो हार हैं।

काकतीय नाइट्स ने अपनी शुरुआती टीम में बड़ा बदलाव करते हुए ऑस्ट्रिया के कंपाउंड तीरंदाज निको वीनर की जगह शिवशंकर लैंडकर को मौका दिया। लैंडकर ने ज्योति सुरेखा वेन्नम के साथ अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन चेरो आर्चर्स के अतानु दास बेहतरीन लय में नजर आए। कंपाउंड वर्ग में विश्व के नंबर एक तीरंदाज मैथियास फुलर्टन ने साहिल राजेश जाधव से पहले निशाना साधते हुए अपनी उपयोगिता साबित की। डेनमार्क के फुलर्टन छह तीरों में 59 अंक जुटाकर मुकाबले के सर्वोच्च स्कोरर रहे।

तीरंदाजी संघ ऑफ इंडिया की पहल पर आयोजित दुनिया की पहली फ्रेंचाइजी आधारित तीरंदाजी लीग में छह टीमें और कुल 48 तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 36 भारतीय और 12 शीर्ष अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज शामिल हैं। हैदराबाद के पीपुल्स प्लाजा में आयोजित यह प्रतियोगिता 18 अक्टूबर को खिताबी मुकाबले के साथ समाप्त होगी। सेमीफाइनल में शीर्ष चार टीमें जगह बनाएंगी।

पहले सेट में केसी कॉफहोल्ड के अंतिम तीर से छह अंक आने के बावजूद चेरो आर्चर्स को नुकसान नहीं हुआ। टीम ने अपने शुरुआती सात तीरों से 70 में से 69 अंक जुटाए। दूसरे सेट में अतानु दास का निशाना लक्ष्य के बिल्कुल केंद्र में लगा, जिसे एक्स अंक मिला। इससे टीम की बढ़त और मजबूत हो गई।

तीसरा सेट रोमांचक रहा। दोनों टीमों के चार-चार तीरों के बाद स्कोर 38-38 था। मुकाबले में बने रहने के लिए काकतीय नाइट्स को यह सेट जीतना जरूरी था। अतानु ने एक और सटीक 10 अंक का निशाना लगाकर स्कोर 67-67 कर दिया। इसके बाद कॉफहोल्ड ने दबाव में शानदार 10 अंक का निशाना साधते हुए सेट और मुकाबला चेरो आर्चर्स के नाम कर दिया।
सोमवार को चेरो आर्चर्स का सामना माइटी मराठाज से होगा। दूसरे मुकाबले में गत चैंपियन राजपूताना रॉयल्स की भिड़ंत चोला चीफ्स से होगी। तीसरे मैच में पृथ्वीराज योद्धाज का सामना स्थानीय टीम काकतीय नाइट्स से होगा।

Next Post

टीआई और 5 पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद महकमे में नाराजगी

Mon Oct 12 , 2026
इंदौर: एरोड्रम थाने में पुजारी और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष के साथ कथित मारपीट के मामले में टीआई सहित पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन के बाद पुलिस महकमे में नाराजगी की स्थिति है. कार्रवाई को लेकर पुलिसकर्मियों से जुड़े पक्ष सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अगले दिन रात में वाहन […]

You May Like

Play sound