सस्पेंस खत्म: मिशा सिंह अब भोपाल में अपर आयुक्त, कटेसरिया ही संभालेंगे जिले की कमान

रतलाम। पिछले चार दिनों से रतलाम के प्रशासनिक गलियारों में चल रहा कलेक्टर बदलने का सस्पेंस मंगलवार शाम आखिरकार खत्म हो गया। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने संशोधित आदेश जारी कर आईएएस मिशा सिंह का शहडोल तबादला निरस्त कर दिया। अब उन्हें नगरीय प्रशासन एवं आवास विकास विभाग, भोपाल में अपर आयुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया कि आईएएस अजय कटेसरिया ही रतलाम के नए कलेक्टर के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे।

दरअसल, चार दिन पहले जारी तबादला सूची में मिशा सिंह को शहडोल का कलेक्टर और अजय कटेसरिया को रतलाम का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया था। लेकिन मिशा सिंह द्वारा निजी कारणों से शहडोल में पदभार ग्रहण करने में असमर्थता जताने के बाद प्रशासनिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। सबसे बड़ा सवाल यही था कि रतलाम में नए कलेक्टर की नियुक्ति तय कार्यक्रम के अनुसार होगी या नहीं।

मंगलवार को जारी संशोधित आदेश ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। शासन ने मिशा सिंह को शहडोल भेजने के बजाय भोपाल स्थित नगरीय प्रशासन एवं आवास विकास विभाग में अपर आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं शहडोल जिले की जिम्मेदारी आईएएस पार्थ जायसवाल को सौंपी गई है।

अब संशोधित आदेश के बाद रतलाम में नेतृत्व परिवर्तन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। प्रशासनिक स्तर पर अजय कटेसरिया के पदभार ग्रहण करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही जिले में नई प्रशासनिक पारी की शुरुआत होगी।

Next Post

वन भूमि के पुराने विवाद में हत्या, पिता-भाई भी घायल

Tue Jul 28 , 2026
रतलाम। बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर वर्षों से सुलग रहा विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव की पहाड़ी पर हुए आमने-सामने के टकराव में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप […]

You May Like