
रतलाम। बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की जमीन पर कब्जे को लेकर वर्षों से सुलग रहा विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव की पहाड़ी पर हुए आमने-सामने के टकराव में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
सूचना मिलते ही बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच गांव की पहाड़ी पर स्थित वन विभाग की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मंगलवार को यही विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल स्वयं मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने बताया कि मृतक की उम्र का सत्यापन दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार उसकी उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। पुलिस ने रमेश पिता रावजी, पंकेश पिता जीवा, विकास पिता दारजी, राजीव पिता दारजी, माइकल पिता मोहन, मोहन पिता वेस्ता सहित सात आरोपियों के विरुद्ध नामजद हत्या का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की गहन विवेचना जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
