कुआलालंपुर, 12 सितंबर (वार्ता) नेपाल ने बायूमास ओवल में खेले गए एसीसी पुरुष प्रीमियर कप के फाइनल में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 44 रन से हराकर अगले साल होने वाले एशिया कप के लिए अपनी जगह पक्की कर ली।
2023 में टूर्नामेंट में पर्दापण करने के बाद नेपाल दूसरी बार एशिया कप में खेलेगा। इस क्वालिफिकेशन से उन्हें भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी फुल-मेंबर टीमों का सामना करने का एक और मौका मिलेगा।
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए नेपाल ने नौ विकेट पर 313 का स्कोर बनाया, जिसमें ओपनर आसिफ शेख ने 106 गेंदों में 102 रन बनाकर अहम भूमिका निभाई। रोहित पौडेल ने 40 और गुलशन झा ने 52 रन बनाकर नेपाल को एक मज़बूत स्कोर तक पहुँचाया। यूएई के लिए इबरार अहमद सबसे अच्छे गेंदबाज रहे, जिन्होंने 62 रन देकर 4 विकेट लिए।
यूएई ने लक्ष्य का पीछा सकारात्मक रूप से शुरू किया, जिसमें तनिष सूरी ने 28 गेंदों में 42 रन बनाए, लेकिन नेपाल ने लगातार विकेट लेकर उनके अभियान को रोक दिया। करण केसी ने 49 रन देकर 3 और ललित राजबंशी ने 43 रन देकर 2 विकेट लिए, जिससे नेपाल ने दबाव बनाए रखा। राहुल चोपड़ा शतक लगाने के बाद भी नाबाद रहे, लेकिन उनकी कोशिश काफ़ी नहीं थी और यूएई की टीम 269 रन पर ही रुक गई।
आसिफ को उनके शतक के लिए ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया, जबकि संदीप लामिछाने ने टूर्नामेंट में 17 विकेट लेकर ‘प्लेयर ऑफ़ द सीरीज’ का पुरस्कार जीता।
