नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) के अध्यक्ष और महान भारतीय खिलाड़ी कपिल देव ने जापान में होने वाले एशियाई खेलों की गोल्फ प्रतियोगिता से पहले भारतीय पुरुष एवं महिला गोल्फ टीमों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
भारतीय दल के पुरुष वर्ग में युवराज संधू, सप्तक तलवार और वीर अहलावत, जबकि महिला वर्ग में अदिति अशोक, दीक्षा डागर और प्रणवी उर्स शामिल हैं।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने कहा, “एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करना सर्वोच्च सम्मान है। जापान में देश के लिए प्रतिस्पर्धा की तैयारी कर रहे वीर, सप्तक, युवराज, अदिति, दीक्षा और प्रणवी को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूं। इन सभी खिलाड़ियों ने दृढ़ संकल्प, अनुशासन और लगातार दमदार प्रदर्शन के बल पर यह अवसर अर्जित किया है। उनके पास इस बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफल प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक प्रतिभा, अनुभव और प्रतिस्पर्धी स्वभाव मौजूद है।”
भारतीय गोल्फरों को आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में उतरने के लिए प्रेरित करते हुए कपिल देव ने कहा, “उनके लिए मेरा संदेश बिल्कुल सरल है-खुद पर विश्वास रखें, निडर होकर खेलें और अपना सर्वश्रेष्ठ दें। देश का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी आपको अपने खेल का स्तर ऊंचा उठाने के लिए प्रेरित करे। एकाग्र रहें, अपनी तैयारी पर भरोसा रखें और हर शॉट गर्व के साथ खेलें। पूरा भारतीय गोल्फ समुदाय आपके साथ खड़ा है। मैदान पर उतरें, पूरी ताकत से मुकाबला करें और भारत को गौरवान्वित करें।”
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जोहल ने कहा, “युवराज, वीर और सप्तक ने लगातार अच्छे प्रदर्शन, दृढ़ता और मजबूत प्रतिस्पर्धी स्वभाव के बल पर यह अवसर अर्जित किया है। भारतीय दल में उनका शामिल होना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है तथा यह हमारे टूर की मजबूती और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई द्वारा उपलब्ध कराए गए अंतरराष्ट्रीय अवसरों को दर्शाता है। तीनों खिलाड़ियों के पास पदक के लिए मजबूत चुनौती पेश करने का अनुभव और सामर्थ्य है। हम उन्हें तथा अदिति, दीक्षा और प्रणवी को एशियाई खेलों के लिए हर सफलता की शुभकामनाएं देते हैं।”
