
सीहोर/श्यामपुर. स्मार्ट मीटर को लेकर शुरू हुआ विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले सप्ताह जिला मुख्यालय पर शहर कांग्रेस ने कोतवाली चौराहे पर बिजली कंपनी और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया था, वहीं सोमवार को श्यामपुर तहसील मुख्यालय पर आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली कंपनी का घेराव कर दिया. घेराव करने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर बिजली कंपनी जनता से लूट कर रही है. यह स्मार्ट मीटर इतनी रीडिंग बना रहे हैं कि बिल जमा करना उनके बूते की बात नहीं रही है.
जब से बिजली कंपनी द्वारा जिले में मीटर लगाने का काम शुरू किया है तब से ही लोगों में तीव्र आक्रोश का माहौल बना हुआ है. लोगों का कहना है कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं तब से उनके घर अनाप- शनाप राशि के बिल आ रहे हैं. इन्हें जमा करने में उनके घर का बजट गड़बड़ा रहा है तो कई गरीब ग्रामीणों को तो कर्ज लेकर बिल अदा करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. नतीजतन ग्रामीणों में स्मार्ट मीटर को लेकर आक्रोश का माहौल बना है. इसी तारतम्य में सोमवार को श्यामपुर तहसील मुख्यालय पर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष रामनारायण शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग राम चौक पर एकत्रित हुए. यहां से सभी बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आधा किमी दूर बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचे और कंपनी दफ्तर का घेराव कर स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद बिजली कंपनी के सहायक यंत्री लखन दुबे को ज्ञापन सौंपा, लेकिन अधिकारी द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने से असंतुष्ट होकर कई महिलाएं नाराज होकर तहसील कार्यालय पहुंच गईं. महिलाओं द्वारा किए जा रहे हंगामे की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी संध्या मिश्रा बल के साथ वहां पहुंच गई थीं. इस मौके पर महिलाओं ने तहसीलदार से कहा कि वह गरीबी रेखा में जीवन यापन कर रही, फिर भी भारी भरकम राशि के बिल थमाए जा रहे हैं. यह स्थिति घरों में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बनी है.
