
उज्जैन। शनि मंदिर त्रिवेणी पुलिया से मंगलवार दोपहर मिर्गी का दौरा पढऩे के बाद युवक शिप्रा नदी में गिर गया। खबर मिलते ही पुलिस और होमगार्ड की एसडीआरएफ टीम मौके पर तलाशी के लिए पहुंच गई थी। देर शाम तक तलाशी अभियान जारी था।नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि दोपहर में त्रिवेणी स्थित पुलिया से एक युवक शिप्रा नदी में गिर गया है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची युवक की तलाश के लिए होमगार्ड की एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। युवक की जानकारी जुटाना पर सामने आया कि ग्राम शक्करवासा का रहने वाला राहुल पिता ओमप्रकाश 18 वर्ष है, जो एक हाथ से दिव्यांग है और मिर्गी की बीमारी से भी पीडि़त है।
परिजन भी जानकारी लगने पर त्रिवेणी पुलिया पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि शनि मंदिर घूमने आया था और पैदल ही था संभवत: पुलिया से गुजरते समय पानी दिखाई देने पर उसे मिर्गी का दौरा पड़ा और वह नदी में गिरा है। थाना प्रभारी कमल निगवाल के अनुसार युवक की तलाश दोपहर 2 बजे से की जा रही है लेकिन शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया था। अगर देर रात तक उसका पता नहीं चला तो बुधवार सुबह दोबारा सर्चिंग अभियान शुरू किया जाएगा फिलहाल स्थानीय गोताखोर भी उसकी तलाश में लगे हैं। युवक के गिरने की खबर के बाद पुलिया पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी जिसे पुलिस ने हटा दिया है।
