तेलंगाना पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी के 17 मामलों में कई राज्यों से 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया

हैदराबाद, 02 अप्रैल (वार्ता) तेलंगाना के साइबराबाद की साइबर अपराध पुलिस ने 25 से 31 मार्च के बीच कई राज्यों में छापेमारी की और17 साइबर अपराध के मामलों का खुलासा कर 19 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की ओर से गुरुवार को जारी एक बयान के अनुसार, पकड़े गए मामलों में सबसे ज्यादा धोखाधड़ी ‘ट्रेडिंग’ से जुड़ी थी। ट्रेडिंग धोखाधड़ी के 11 मामलों में 12 गिरफ्तारियां की गईं। इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट के दो मामलों में तीन , पार्ट-टाइम जॉब धोखाधड़ी के दो मामलों में दो और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के दो मामलों में दो आरोपियों को पकड़ा गया है।

पुलिस को एक बड़ी सफलता यह भी मिली है कि उन्होंने 125 मामलों में अदालतों से 884 ‘रिफंड’ आदेश प्राप्त किए हैं। इसके जरिए पीड़ितों को 4.35 करोड़ रुपये वापस दिलाने की प्रक्रिया आसान हुई है।

इस सप्ताह के दौरान एक बड़े मामले में पुलिस ने उस ट्रेडिंग धोखाधड़ी का भंडाफोड़ किया, जिसमें एक पीड़ित से व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए 2.93 करोड़ रुपये की ठगी की गई थी। जालसाजों ने निवेश सलाहकार बनकर और मुनाफे के फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर पीड़ित को झांसे में लिया और भारी मुनाफे के नाम पर कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। इस मामले में तेलंगाना के रहने वाले दो आरोपियों शेखर और तिनेश कुमार प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है। इन पर ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस ने जनता को चेतावनी दी है कि वे भारी मुनाफे का वादा करने वाले ऑनलाइन निवेश समूहों पर भरोसा न करें और निवेश करने से पहले प्लेटफॉर्म की अच्छी तरह जांच कर लें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दें।

 

 

Next Post

एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था में हुआ सुधार,आठ डीलरों ने शुरू की होम डिलेवरी

Thu Apr 2 , 2026
जबलपुर: जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। जिला प्रशासन की एलपीजी डीलरों के साथ लगातार हो रही बैठकों और संवाद के फलस्वरूप फिलहाल आठ डीलरों ने रसोई गैस सिलेंडरों की शत-प्रतिशत होम डिलेवरी प्रारंभ कर दी है। जल्दी ही और भी रसोई गैस डीलर होम डिलेवरी […]

You May Like

मनोरंजन