ग्वालियर: डबरा की सड़कों पर मौत के गड्ढे एक और मासूम की जान ले गए। पारसनाथ पेट्रोल पंप के सामने बने खतरनाक गड्ढे से बाइक उछल गई, जिससे 5 साल के मासूम डुग्गू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह वही गड्ढा है, जिसके बारे में कुछ दिन पहले चेतावनी दी गई थी कि यह किसी भी पल जानलेवा साबित हो सकता है। लेकिन नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन ने आंखें मूंद लीं, और नतीजा—एक मां की गोद सूनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बाइक पर भाई-बहन अपने भांजे-भांजी को लेकर बडोनी से डबरा आ रहे थे। पेट्रोल पंप के सामने अचानक बने गहरे गड्ढे से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और मासूम डुग्गू सड़क पर जा गिरा। गंभीर चोट लगने से उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत के बाद अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे को खोकर मां अपना होश खो बैठी, डॉक्टरों और वहां मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाती रही लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था।
