अपने आशियानों पर खुद चला रहे हथौड़ा

सीहोर. भोपाल नाके से कोतवाली चौराहा तक बनने वाले टूलेन सड़क निर्माण की राह अब आसान होती नजर आ रही है. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर और राजस्व विभाग के अधिकारियों की समझाईश के बाद लोगों ने स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है. बुधवार को लोग खुद अपने आशियानों व दुकानों के छज्जों को तोडऩे हथौड़े बरसाते देखे गए.

उल्लेखनीय है कि शहर के अति व्यस्ततम मार्गों में शामिल इंग्लिशपुरा से भोपाल नाके तक अनेक शिक्षण संस्थान व कोचिंग सैंटर होने के कारण दिन भर आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में दिन भर जाम के हालात बनते हैं. इन परेशानियों को देखते हुए इस मार्ग का चौड़ीकरण लंबे समय से प्रस्तावित था, लेकिन मार्ग के दोनों ओर मकानों व दुकानों का अतिक्रमण होने के कारण सड़क निर्माण अधर में लटका था.

नपा द्वारा इंग्शिपुरा से भोपाल नाका तक सड़क निर्माण में बाधक बनने वाले शताधिक लोगों को दो बार नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने को निर्देशित किया था, लेकिन लोगों द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाए जा रहे थे. हाल ही में नपा द्वारा 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने की मोहलत मिलने के बाद रहवासियों में हडकंप का माहौल निर्मित हो गया था और वह कलेक्टर के पास पहुंच गए थे. इधर नपा ने राजस्व विभाग को क्षेत्र का सीमांकन करने के लिए पत्र लिखा.नतीजतन सीमांकन में सड़क के लिए 73 फिट जगह बताई गई. अगर इस सीमांकन पर अमल होता तो कई मकान व दुकानें पूरी तरह नष्ट हो सकती थीं.

नपाध्यक्ष श्री राठौर ने लोगों को आश्वस्त किया कि सड़क व नाली निर्माण के लिए जितनी जगह की आवश्यकता होगी, उतना ही अतिक्रमण हटाया जाएगा. उन्होंने नागरिकों से स्वयं अपने अतिक्रमण हटाने की अपील भी की थी. इसका परिणाम यह निकला कि भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे के बीच के कई मकानों को तोडऩे के लिए खुद रहवासी आगे आए. सुबह से ही लोगों ने अपने मकानों व दुकानों के अवैध हिस्सों छज्जों को गिराना शुरू कर दिया था.

इस दौरान तहसीलदार अमित सिंह, नपा के सहायक यंत्री विजय कोली, वैभव लोवानिया, पटवारी संजय राठौर आदि भी इंग्लिशपुरा क्षेत्र में पहुंचे और नागरिकों द्वारा खुद अपने मकानों में की जा रही तोडफ़ोड़ का जायजा लिया. लोगों ने आपत्ति भी जताई, लेकिन जब उन्हें समझाईश दी और आश्वस्त किया कि सिर्फ उतना ही अतिक्रमण हटेगा जितने की जरूरत सड़क में होगी. इसके अलावा उनकी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा. तब कहीं वह अपना अतिक्रमण हटाने के लिए रजामंद हो गए.

शहर की सबसे सुंदर सड़क बनेगी

भोपाल नाके से कोतवाली चौराहे तक बनाई जा रही सड़क शहर की सबसे सुंदर सड़क बनेगी. इसके निर्माण के बाद लोगों को आवाजाही में काफी आसानी रहेगी. जाम की स्थिति निर्मित नहीं होगी. यहां के नागरिक स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटा रहे हैं यह सराहनीय बात है. वह भी चाहते हैं कि उनके घर व दुकान के सामने पक्की व सुंदर सड़क का निर्माण हो.

प्रिंस राठौर
नपाध्यक्ष, सीहोर

Next Post

रेलवे स्टेशन: कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हुई प्लेटफार्म 2 की सड़क, यात्री परेशान

Thu Jul 10 , 2025
सीहोर. सालभर कुबेरेश्वर धाम के लिए लाखों श्रृद्धालु ट्रेन से सीहोर पहुंच रहे हैं. लेकिन प्लेटफार्म नंबर 2 पर उतरने वाले यात्रियों की जमकर फजीहत हो रही है. कहने को तो अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है. लेकिन हकीकत यह है कि प्लेटफार्म नंबर […]

You May Like