भारत ने हांगकांग को 110-100 से हराकर ग्रुप डी में शीर्ष स्थान हासिल किया

सोलो, (इंडोनेशिया), (वार्ता) भारत ने रविवार को इंडोनेशिया में चल रही बैडमिंटन एशिया जूनियर मिक्स्ड टीम चैंपियनशिप के ग्रुप चरण में अपनी लगातार जीत के क्रम को जारी रखते हुए ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में हांगकांग को 110-100 से हराकर ग्रुप तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारत और हांगकांग चीन रविवार को आमने-सामने होने से पहले ही नॉक-आउट चरण के लिए क्वालीफाई कर चुके थे, लेकिन जीत की लय बनाए रखना जरूरी था। आज यहां खेले गये मुकाबलों में रुजुला रामू ने एक बार फिर भारत को आईपी सुम याउ को 11-8 से हराकर विजयी शुरुआत दिलाई और भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरू की विश्व की छठे नंबर की जूनियर बालक युगल जोड़ी ने चेउंग साई शिंग और देंग ची फाई के खिलाफ बढ़त को 22-13 तक पहुँचा दिया।

हांगकांग के लैम का टो ने 13 अंक बनाकर अपनी टीम को अंतर कम करने में मदद की, इसके बाद रौनक चौहान ने भारत के अंकों की संख्या 33 तक पहुँचाई। पाँच मैचों के बाद दोनों टीमों के बीच केवल छह अंकों का अंतर 55-49 था, लेकिन जूनियर विश्व नंबर 1 तन्वी शर्मा ने दूसरे बालिका एकल में लियू होई किउ अन्ना पर दबदबा बनाते हुए 66-54 की बढ़त बनाकर भारत को एक बार फिर बढ़त दिला दी। अगले चार मैच कांटे के रहे, लेकिन भारत ने बढ़त बनाए रखी और सुनिश्चित किया कि वे ग्रुप में शीर्ष पर रहें।

अब सोमवार को भारत का मुकाबला क्वार्टर फाइनल में जापान से होगा।

जापान ग्रुप ए में थाईलैंड के बाद दूसरे स्थान पर रहा।

Next Post

कैलाश मानसरोवर यात्रियों का छठा जत्था नाथूला दर्रे से रवाना

Mon Jul 21 , 2025
गंगटोक (वार्ता) सिक्किम के नाथूला दर्रे से होकर पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा सुचारू रूप से जारी है और तीर्थयात्रियों के छठे जत्थे को रविवार को रवाना किया गया। सिक्किम प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी तीर्थयात्रियों की तिब्बती स्वायत्त क्षेत्र की ओर यात्रा शुरू होने पर औपचारिक विदाई समारोह […]

You May Like