नई दिल्ली | करीब 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में सजा काट रहे बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों दिल्ली की तिहाड़ जेल की जेल नंबर-2 में बंद हैं। जेल प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, शुरुआती 24 घंटों में शांत रहने के बाद अब अभिनेता ने खुद को जेल के माहौल में ढाल लिया है। राजपाल यादव अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में सह-कैदियों को अपनी फिल्मों के मशहूर डायलॉग और किस्से सुना रहे हैं, जिससे जेल की बैरक का माहौल काफी हल्का हो गया है। हालांकि वह एक सेलिब्रिटी हैं, लेकिन जेल के भीतर उन्हें कोई विशेष रियायत नहीं दी गई है।
राजपाल यादव का जेल में दिन बेहद साधारण तरीके से गुजर रहा है। वे सुबह 5 से 6 बजे के बीच उठ जाते हैं और अन्य कैदियों की तरह ही लाइन में लगकर चाय और नाश्ता लेते हैं। जेल के मेन्यू के अनुसार, उन्हें रात के खाने में दाल, सब्जी, रोटी और चावल दिए जाते हैं और रात 10 बजे तक लाइटें बंद होने के साथ ही उन्हें सोना पड़ता है। सूत्रों का कहना है कि अभिनेता ने खुद भी किसी विशेष सुविधा या बाहर के खाने की मांग नहीं की है और वे जेल के नियमों का पूरी निष्ठा से पालन कर रहे हैं।
जेल में रहने के दौरान राजपाल यादव अन्य कैदियों से भी बेझिझक बातचीत कर रहे हैं। चर्चा के दौरान उन्होंने अपने साथी कैदियों से कहा है कि उनकी नीयत कभी भी बेईमानी की नहीं थी, बल्कि खराब हालातों ने उन्हें इस कानूनी पचड़े में फँसा दिया। फिलहाल वह अपने वकीलों के जरिए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने और रिहाई का इंतजार कर रहे हैं। जेल में उनकी सादगी और मिलनसार व्यवहार को देखकर अन्य कैदी भी काफी प्रभावित हैं और अक्सर उनकी एक झलक पाने के लिए उत्सुक रहते हैं।

