राहुल का जिला अध्यक्षों से संवाद: जनता से जुड़ाव ही संगठन की असली शक्ति

आशीष कुर्ल पचमढ़ी। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पचमढ़ी में नवनिर्वाचित जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया। हेलीकॉप्टर से आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्ण स्वागत किया। निर्धारित कार्यक्रम से लगभग एक घंटे पहले पहुंचने के बावजूद, उनका स्वागत जोशपूर्ण और आत्मीय रहा।

राहुल गांधी का मुख्य उद्देश्य नवचयनित जिला अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाना और उन्हें संगठनात्मक व राजनीतिक मार्गदर्शन देना रहा। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम जनता की लड़ाई मानवता की लड़ाई है। उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे बिना किसी भेदभाव और भय के लोगों के बीच जाएं, उनकी समस्याओं को समझें और न्याय व समानता के लिए खड़े हों।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की असली शक्ति जनता से जुड़ाव में है। इसलिए जिला स्तर के नेताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहना होगा। राहुल गांधी ने प्रशिक्षण सत्रों में भी भाग लिया और कार्यकर्ताओं से खुलकर बातचीत की।

पचमढ़ी पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों के परिवारों से मिलने की इच्छा व्यक्त की थी। शाम को उन्होंने उनके परिवारों से एक-एक कर मुलाकात की और उनके साथ रात्रिभोज भी किया। कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों ने इसे बेहद आत्मीय और प्रेरक अनुभव बताया।

सूत्रों के अनुसार, पूरे दिन चली बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन की मजबूती और प्रदेश में कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसे रविवार को होने वाले व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम से पहले की रणनीतिक बैठक माना जा रहा है।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मंत्री मुकेश नायक, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और वरिष्ठ नेता अशोक सिंह भी उपस्थित रहे।

बंद कमरे की बैठक में राहुल गांधी ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर फीडबैक लिया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि यह संवाद और प्रशिक्षण आने वाले राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी को अधिक सक्षम और सक्रिय बनाएगा।

Next Post

ट्रंप ने ओहायो के गवर्नर पद के लिए विवेक रामास्वामी का समर्थन किया

Sat Nov 8 , 2025
वाशिंगटन, 08 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2026 में ओहायो के गवर्नर पद के लिए विवेक रामास्वामी का समर्थन किया है। उन्होंने श्री रामास्वामी को अपना “पूर्ण समर्थन” देते हुए उन्हें “कुछ खास” बताया और ओहायो की “महान राज्य” के रूप में प्रशंसा की। बायोटेक उद्यमी और […]

You May Like

मनोरंजन