दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को नौ विकेट से हराया

पार्ल (दक्षिण अफ्रीका), 28 जनवरी (वार्ता) मैन ऑफ द मैच जॉर्ज लिंडे (तीन विकेट) के बाद कप्तान एडन मारक्रम (नाबाद 86) और रायन रिकलटन (नाबाद 40) की शानदार पारियों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने पहले टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 13 गेंदें शेष रहते नौ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढत बना ली हैं।

174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के लिए लुआन-द्रे प्रेटोरियस और कप्तान एडन मारक्रम की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए महज 7.5 ओवरों में 86 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम की जीत की नींव रखी। दक्षिण अफ्रीका ने 17.5 एक विकेट पर 176 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। एडन मारक्रम ने 47 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के लगाते हुए नाबाद 86 रनों की पारी खेली। वहीं रायन रिकलटन ने 32 गेंदों में एक चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 40 रन बनाये।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार रात खेले गये मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 173 रनों का स्कोर बनाया। वेस्टइंडीज के लिए ब्रैंडन किंग और जॉनसन चार्ल्स की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 39 रन जोड़े। चौथे ओवर में केशव महाराज ने जॉनसन चार्ल्स नौ गेंदों में 13 रन काे बोल्ड कर दक्षिण अफ्रीका को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में कॉर्बिन बॉश ने ब्रैंडन किंग 16 गेंदों में 27 रन को अपना शिकार बना लिया। छठे ओवर में महाराज ने शरफेन रदरफोर्ड (छह) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। मैथ्यू फोर्ड 12 गेंदों में 16 रन बनाकर आउट हुये। कप्तान रॉस्टन चेज 18 गेंदों में (22) रन बनाकर 12वें ओवर में पांचवें विकेट के रूप में आउट हुये। ऐसे संकट के समय शिमरॉन हेटमायर और रोवमन पॉवेल की जोड़ी ने पारी को संभाला और छठे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर जॉर्ज लिंडे ने शिमरॉन हेटमायर को आउटकर वेस्टइंडीज को छठा झटका दिया। शिमरॉन हेटमायर ने 32 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए 48 रन बनाये। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर लिंडे ने जेसन होल्डर (एक) को आउटकर अपना तीसरा विकेट लिया।

दक्षिण अफ्रीका के लिए जॉर्ज लिंडे ने 25 रन देकर तीन विकेट झटके। केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश को दो-दो विकेट मिले।

 

 

 

Next Post

सभी फ़ॉर्मेट के बल्लेबाज़ों को टेस्ट स्किल पर काम करने का पर्याप्त समय नहीं मिल रहा है : द्रविड़

Wed Jan 28 , 2026
बेंगलुरु, 28 जनवरी (वार्ता) भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का मानना है कि जो भारतीय बल्लेबाज तीनों फ़ॉर्मेट खेलते हैं, उन्हें अपने लाल गेंद की स्किल को निखारने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है और यही हाल के वर्षों में टेस्ट क्रिकेट […]

You May Like