मुंबई, 15 मई (वार्ता) विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार शुरुआती तेजी खोते हुए गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स कारोबार की समाप्ति पर 160.73 अंक (0.21 प्रतिशत) नीचे 75,237.99 अंक पर आ गया। सुबह बाजार में तेजी थी और एक समय यह 472 अंक तक चढ़ गया था। हालांकि बाद में बिकवाली के जोर पकड़ने से यह लाल निशान में उतर गया। रुपये में जारी गिरावट से भी बाजार में निवेश धारणा प्रभावित हुई। रुपया आज पहली बार 96.50 प्रति डॉलर के पार लुढ़क गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 46.10 अंक यानी 0.19 फीसदी गिरकर 23,643.50 अंक पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी दिवस पर बाजार में तेजी रही थी।
वृहत बाजार में ज्यादा गिरावट देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.61 प्रतिशत फिसल गया। धातु, तेल एवं गैस, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों ने बाजार पर दबाव बनाया। वहीं, आईटी, मीडिया और एफएमसीजी समूहों में तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में इंफोसिस और टेक महिंद्रा के शेयर दो प्रतिशत से अधिक की बढ़त में बंद हुए। पावर ग्रिड, अडानी पोर्ट्स, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर एक से दो प्रतिशत के बीच चढ़े। सन फार्मा, टाइटन, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडिगो और आईटीसी के शेयरों में भी मजबूती देखी गयी। टाटा स्टील, इटरनल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा और बीईएल के शेयर एक से दो प्रतिशत नीचे रहे। एलएंडटी, बजाज फिनसर्व, एशियन पेंट्स, ट्रेंट, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी के शेयर भी लाल निशान में रहे।

