
मंडला। जिले की होनहार बेटी हर्षा बघेल ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक (भौतिकी) परीक्षा में प्रदेश स्तर पर 13वीं रैंक प्राप्त कर जनरल कैटेगरी से चयनित होकर मंडला का नाम गौरवान्वित किया है।
हर्षा, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. एस.आर. बघेल एवं श्रीमती सरिता बघेल की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। भाई दर्शित बघेल सहित परिजनों ने गर्व व्यक्त किया।
हर्षा ने सफलता का श्रेय निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच को देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। गौरतलब है कि वे इससे पहले नेट-जेआरएफ, गेट और सेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाएं भी उत्तीर्ण कर अपनी शैक्षणिक मेधा साबित कर चुकी हैं।
हर्षा की उपलब्धि पर जिले के शिक्षकों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता से मंडला की नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
