
विदिशा। थाना जीआरपी विदिशा ने गंजबासौदा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर हुई बाबा की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। 13-14 सितंबर की दरमियानी रात अज्ञात बाबा की चाकू से निर्मम हत्या हुई थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर मृतक की पहचान मनोज शिल्पकार (45) निवासी गंजबासौदा के रूप में हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष कुशवाह उर्फ ब्लेडर समेत तीन अन्य आरोपियों अंकित उर्फ अनिकेत रघुवंशी, अंशुल कुशवाह और अभिषेक परिहार को गिरफ्तार किया है।
घटना उस समय हुई जब आरोपी स्टेशन मेन गेट के पास शराब पी रहे थे। विवाद के बाद गुस्से में आकर मनीष ने बाबा का पीछा किया और साथियों के साथ घेरकर चाकू से कई वार किए। हत्या के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू और रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल जब्त की है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जीआरपी विदिशा उपनिरीक्षक महेंद्र शाक्य, सउनि बलबंत सल्लाम, प्रआर मोहन पटेल सहित टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
