
भोपाल: भेल भोपाल के टेक्निकल विंग, वाटिका सेंटर और मसाला सेंटर में विश्वकर्मा पूजा बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भेल भोपाल के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार उपाध्याय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में गौतम मजूमदार, महाप्रबंधक (सीएमजी, पीएमजी, सीसी एवं डीटीजी); राजेश अग्रवाल, महाप्रबंधक (एसओएम); प्रशांत पाठक, अतिरिक्त महाप्रबंधक (टाउन एडमिनिस्ट्रेशन); प्रीति गुप्ता; अमोल दुबे सहित भेल लेडीज क्लब की सदस्याएं एवं अधिकारी मौजूद रहे।
अपने उद्बोधन में उपाध्याय ने कहा कि भेल निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है और सभी कर्मचारियों को अपने कार्यों में उच्चतम गुणवत्ता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने टेक्निकल विंग के विभिन्न विभागों जैसे कॉइल इंसुलेशन, आईवी एवं प्राइमरी ट्यूब का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कर्मचारियों से चर्चा कर उपयोगी सुझाव दिए।
इस अवसर पर भेल लेडीज क्लब की अध्यक्ष रोजी उपाध्याय ने कर्मचारियों व अधिकारियों से संवाद किया और क्लब की गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
मेहमानों का स्वागत क्लब की उपाध्यक्ष अनुजा मजूमदार, सचिव मनीषा शर्मा एवं कोषाध्यक्ष शीतल जुनेजा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया।
कार्यक्रम का संचालन टेक्निकल विंग के प्रबंधक संजय श्रीवास ने किया। पूजा समारोह ने न केवल आस्था बल्कि भेल परिवार की एकता और प्रगति की भावना को भी प्रकट किया।
