16 टीमों के इस टूर्नामेंट में चार-चार टीमों के चार ग्रुप होंगे। ग्रुप चरण के बाद दो ग्रुप में सुपर सिक्स चरण खेला जाएगा। इसके बाद सेमीफ़ाइनल और फ़ाइनल होंगे।
यह टूर्नामेंट का तीसरा संस्करण है। भारत ने 2023 और 2025 में लगातार पहले दो संस्करण जीते थे। मौज़ूदा चैंपियन भारत को ग्रुप ए में आयरलैंड, वेस्टइंडीज़ और नेपाल के साथ रखा गया है। ग्रुप बी में 2025 की उपविजेता दक्षिण अफ़्रीका के साथ न्यूज़ीलैंड, पाकिस्तान और समोआ हैं।
ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और यूएई ग्रुप सी, जबकि इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका और स्कॉटलैंड को ग्रुप डी में रखा गया है। टूर्नामेंट की शुरुआत 21 जनवरी को चार मैचों के साथ होगी। सिलेट में बांग्लादेश का सामना यूएई और ऑस्ट्रेलिया का सामना नाइजीरिया से होगा। वहीं, मूलपानी में श्रीलंका और स्कॉटलैंड तथा इंग्लैंड और अमेरिका के बीच मैच खेले जाएंगे। बाकी दो मैदानों पर अन्य आठ टीमें 22 जनवरी को खेलेंगी। चटगांव में न्यूज़ीलैंड का सामना समोआ से और दक्षिण अफ़्रीका का पाकिस्तान से होगा, जबकि कीर्तिपुर में नेपाल और आयरलैंड तथा भारत और वेस्टइंडीज़ के बीच मुक़ाबले होंगे।
टूर्नामेंट के सभी 41 मैच दिन में खेले जाएंगे। सुबह के मैच स्थानीय समयानुसार 9.30 बजे और दोपहर के मैच 1.30 बजे शुरू होंगे।
आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा, “आईसीसी अंडर19 विश्व कप वह मंच है, जो हमारे खेल का भविष्य दिखाता है। यह युवा खिलाड़ियों को अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए शीर्ष स्तर पर करियर बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का सबसे बड़ा अवसर देता है। 16 टीमों के ये उभरते सितारे दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचेंगे और इस खेल से जुड़ी कई युवा लड़कियों के लिए ऐसे आदर्श बनेंगे, जिनसे वे ख़ुद को जोड़ सकें। इससे उन्हें क्रिकेट में अपना सफ़र जारी रखने की प्रेरणा मिलेगी।
“मेज़बान के तौर पर बांग्लादेश और नेपाल का चयन आईसीसी के उस भरोसे और निवेश को भी दर्शाता है, जो वह क्रिकेट के भविष्य के लिए कर रहा है। क्रिकेट के प्रति गहरे जुनून और दोनों देशों की क़रीब 40% आबादी की उम्र 20 साल से कम होने के कारण, ये दुनिया के सबसे बड़े युवा खेल आयोजनों में से एक की मेज़बानी के लिए आदर्श जगहें हैं।”
