पश्चिम एशिया : सरकार बोली देश में अन्य ऊर्जा संसाधनों के साथ कोयले का भी पर्याप्त बफर स्टॉक

नयी दिल्ली 08 अप्रैल (वार्ता) भारत ने अमेरिका तथा ईरान के बीच संघर्ष विराम को पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की दिशा में कदम बताया है और कहा है कि सरकार देश में ऊर्जा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है। कोयला मंत्रालय ने इस कड़ी में विद्युत मंत्रालय , रेल मंत्रालय और राज्यों के साथ बेहतर उपलब्धता तथा समन्वय के माध्यम से किफायती दृष्टिकोण अपनाया है।

पश्चिम एशिया की स्थिति पर जानकारी देने के लिए बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन में संबंधित मंत्रालयों के अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि मूल्य श्रृंखला के विभिन्न स्तरों पर देश में कोयले का पर्याप्त बफर स्टॉक बनाए रखा गया है। उन्होंने बताया कि 23 मार्च से अब तक 5 किलोग्राम के लगभग 8.9 लाख फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर बेचे गए। अकेले मंगलवार को 1.1 लाख से अधिक सिलेंडर बेचे गए जबकि फरवरी में हर रोज औसत 77,000 सिलेंडर बेचे जाते थे।

सरकार ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए गुरुवार से उर्वरक संयंत्रों के लिए गैस आवंटन को छह माह की औसत खपत के लगभग 95 प्रतिशत तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। सरकार की अपील के बाद अब तक 17 हजार 100 से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किये हैं। पश्चिम एशिया में विभिन्न जहाजों पर तैनात 1,754 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की गयी है जिनमें से 63 पिछले 24 घंटों में वापस आये हैं।

अधिकारियों ने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों में कोयला क्षेत्र पर अधिक जिम्मेदारी है और यह उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। भारतीय रेल के सहयोग तथा खदानों और तापीय विद्युत संयंत्रों में पर्याप्त कोयला भंडार के कारण यह संभव हो पाया है। पूरी मूल्य श्रृंखला में कोयले का पर्याप्त बफर स्टॉक बनाए रखा गया है। इसके अतिरिक्त, लगभग 17 टन कोयला खदानों और परिवहन के दौरान उपलब्ध है, जिसमें कोल इंडिया लिमिटेड, सिंगरेनी कोलियरीज़ कंपनी लिमिटेड, कैप्टिव खदानों, बंदरगाहों और ट्रांजिट में उपलब्ध भंडार शामिल हैं।कोयला उत्पादन निरंतर खपत के स्तर के अनुरूप बना हुआ है और इसमें कोई कमी नहीं है।

सरकार ने कहा है कि मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हो रही है लेकिन एलपीजी वितरक एजेंसियों में किसी भी प्रकार की आपूर्ति समाप्त होने की सूचना नहीं है। ऑनलाइन एलपीजी बुकिंग लगभग 95 प्रतिशत तक बढ़ गई है।

एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए देशभर में प्रवर्तन कार्रवाई जारी है। मंगलवार को लगभग 4000 छापे मारे गए और पूरे देश में करीब 1000 सिलेंडर जब्त किए गए।अब तक देशभर में 56,000 से अधिक एलपीजी सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने आकस्मिक निरीक्षणों को मजबूत किया है और 1770 से अधिक कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं, 175 एलपीजी वितरक एजेंसियों पर दंड लगाया है तथा 51 वितरक एजेंसियों को निलंबित किया है।

पश्चिम एशिया में संघर्ष विराम के बाद ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक नया परामर्श जारी करते हुए भारतीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित मार्गों के अनुसार दूतावास के समन्वय में शीघ्रता से ईरान से बाहर निकलें। यह समझा जाता है कि लगभग 7,500 भारतीय नागरिक अभी भी ईरान में मौजूद हैं।

भारत ने संघर्ष विराम का स्वागत किया है और कहा है,” हम संघर्ष विराम के सफल होने का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि यह पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की ओर ले जाएगा। जैसा कि हमने पहले निरंतर आग्रह किया है, तनाव कम करना, संवाद और कूटनीति आवश्यक हैं ताकि चल रहे संघर्ष को शीघ्र समाप्त किया जा सके। इस संघर्ष ने पहले ही लोगों को भारी पीड़ा पहुंचाई है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति एवं व्यापार नेटवर्क को बाधित किया है। हम अपेक्षा करते हैं कि हॉर्मुज़ जलसन्धि के माध्यम से मुक्त नौवहन और वैश्विक वाणिज्यिक प्रवाह निर्बाध रूप से जारी रहेगा।”

भारत का कहना है कि वह हमेशा से शांति के पक्ष में रहा है। “हम सभी ऐसे कदमों का स्वागत करते हैं जो शांति और स्थिरता की दिशा में योगदान दें। हमें आशा है कि पश्चिम एशिया में यह विकास यूक्रेन में शांति प्रयासों को भी प्रोत्साहित करेगा।”

Next Post

गेहूं खरीदी से पहले ही व्यवस्थाएं धराशायी; सर्वर ठप और बारदाने का भारी संकट

Wed Apr 8 , 2026
सीहोर। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू होने से पहले ही अव्यवस्थाओं की पोल खुल गई. स्लॉट बुकिंग के लिए किसान दिनभर भटकते रहे, लेकिन सर्वर ठप होने से प्रक्रिया शुरू ही नहीं हो सकी. दूसरी ओर, बारदाने की भारी कमी के चलते प्रशासन ने खरीदी को सीमित […]

You May Like