नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय पहलवान से एमएमए फाइटर बने संग्राम सिंह 19 दिसंबर 2026 को लंदन में होने वाली फाइटस्टार चैंपियनशिप 39 में मुकाबला करेंगे। यह आयोजन लंदन के इंडिगो एट द ओ2 में होगा, जहां संग्राम का सामना माल्टा के वॉलोचॉन से होगा। इस मुकाबले को कॉमनवेल्थ खिताब के लिए होने वाले मुकाबले के रूप में प्रचारित किया जा रहा है।
दो बार कॉमनवेल्थ हेवीवेट कुश्ती चैंपियन रह चुके संग्राम सिंह ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में भी शानदार शुरुआत की है। वह अब तक अपने चारों पेशेवर मुकाबले जीत चुके हैं। उन्होंने सितंबर 2024 में जॉर्जिया में आयोजित गामा इंटरनेशनल फाइटिंग चैंपियनशिप में पाकिस्तान के अली रज़ा नासिर को महज 90 सेकंड में हराकर एमएमए में पदार्पण किया था। इसके बाद उन्होंने ट्यूनीशिया के हकीम त्राबेल्सी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर को शिकस्त दी और कुआलालंपुर, मलेशिया में स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
19 जुलाई 2026 को अपने पिछले मुकाबले में संग्राम ने पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को सिर्फ 80 सेकंड में नॉकआउट कर स्ट्राइक एशिया चैंपियनशिप जीती। इस जीत ने अंतरराष्ट्रीय एमएमए सर्किट पर उनकी स्थिति को और मजबूत किया।
आगामी मुकाबले को लेकर संग्राम सिंह ने कहा, “उम्र सिर्फ एक संख्या है। सबसे ज्यादा मायने आपका अनुशासन, समर्पण और खुद को लगातार चुनौती देने का जज्बा रखता है। मुझे खुशी है कि मैं अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और एमएमए में अपनी इस यात्रा को आगे बढ़ा रहा हूं। लंदन का यह मेरा पहला दौरा भी होगा, इसलिए यह अवसर मेरे लिए और खास है। मैं रिंग के अंदर अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहता हूं और भारत के युवाओं को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि अपने नए सपने को पूरा करने के लिए कभी देर नहीं होती।”
पेशेवर कुश्ती से एमएमए तक संग्राम का सफर इसलिए भी खास रहा है क्योंकि उन्होंने 40 वर्ष की उम्र में एक नए कॉम्बैट स्पोर्ट में कदम रखा। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी लगातार जीत अब उन्हें भारत के और खिलाड़ियों को एमएमए में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी आगे बढ़ा रही है।
फाइटस्टार चैंपियनशिप 39 का आयोजन शनिवार, 19 दिसंबर 2026 को लंदन के इंडिगो एट द ओ2 में निर्धारित है।
