नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग को लेकर देशभर में आवाज उठाने और पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शुक्रवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा अंकिता भंडारी के माता-पिता से मिलने धरनास्थल पर पहुंचे थे और पार्टी को निर्देश दिया गया था कि जब तक उनके माता-पिता वहां बैठना चाहते हैं, पार्टी के लोग उनके साथ रहेंगे।
श्री खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में इस मामले को लंबे समय से उठा रही है और दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने की घोषणा के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस आक्रोश को आवाज दे रही है और अंकिता के माता-पिता के संपर्क में है। परिवार जिस तरह से अपनी आवाज उठाना चाहता है, पार्टी उसी तरह उसका साथ देगी।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर देशभर में रोष है। उन्होंने कठुआ और हाथरस के मामलों तथा बिलकिस बानो मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा पर बलात्कार के आरोपियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया। श्री खेड़ा ने दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी मामले में केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांच को आठ महीने हो चुके हैं, लेकिन जांच पूरी नहीं हुई है। उन्होंने सवाल किया कि जांच के बीच एक आरोपी को राज्यपाल बनाकर प्रतिरक्षा क्यों दी गई। उन्होंने कहा कि यह सवाल देशभर में उठ रहा है।

