तेंदूखेड़ा/दमोह: थाना क्षेत्र के झलौन गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो-तीन दिन से लापता 24 वर्षीय युवक का शव शनिवार रात गांव के एक कुएं में उतराता मिला। मृतक की पहचान रूपेश पिता हुकुमचंद जैन निवासी झलौन के रूप में हुई है। रूपेश झलौन स्थित शिवांजय जैन के पेट्रोल पंप पर मैनेजर के पद पर कार्यरत था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट तेंदूखेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। शनिवार रात गांव का एक व्यक्ति कुएं से पानी भरने गया तो शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। शव पेट्रोल पंप के बाजू में स्थित कुएं में मिला।
सुसाइड नोट और लेनदेन का विवाद
परिजनों के अनुसार रूपेश और पेट्रोल पंप संचालक शिवांजय जैन के बीच करीब 10 लाख रुपए के लेनदेन को लेकर बातचीत हुई थी। परिजनों का कहना है कि रूपेश ने 8-10 लाख रुपए शिवांजय को दे दिए थे। जब शिवांजय ने दोबारा पैसे मांगे तो रूपेश ने कहा कि वह पहले ही दे चुका है।पुलिस को घर से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा है- “पापा मम्मी मैंने पैसे इनको दे दिए थे आप लोग चिंता नहीं करना मैं जा रहा हूं…”
जांच में जुटी पुलिस, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की खबर लगते ही एसडीओपी अर्चना अहीर, थाना प्रभारी रावेंद्र बागरी, सब इंस्पेक्टर नीतीश जैन सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। लेनदेन के विवाद और सुसाइड नोट को भी जांच में शामिल किया गया है।
