मुम्बई, 02 नवंबर (वार्ता) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल फ्रेंचाइजियों के लिए अपने खिलाड़ियों की रिटेंशन सूची जमा करने की समय सीमा दो दिन बढ़ा दी है।
आज को टीमों को भेजी गई एक विज्ञप्ति में बोर्ड ने कहा कि फ्रेंचाइजी के पास अब 17 नवंबर तक उन खिलाड़ियों को अंतिम रूप देने का समय है, जिन्हें वे बरकरार रखना या रिलीज करना चाहते हैं। मूल समय सीमा 15 नवंबर थी। आईपीएल मिनी-नीलामी की तारीख और स्थान अपरिवर्तित रहेगा, यह कार्यक्रम 16 दिसंबर को गोवा में आयोजित किया जाएगा।
ऐसा माना जा रहा है कि यह विस्तार 15 नवंबर को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड वनडे के कारण हुआ है। श्रृंखला का पांचवां और अंतिम मैच उस तारीख को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला जाएगा। इसके परिणामस्वरूप बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों को अपनी रिटेंशन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त दो दिन का समय दिया है।
नीलामी के दिन एक वनडे मैच भी निर्धारित है, जिसमें भारत बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में श्रृंखला के दूसरे मैच में श्रीलंका की मेजबानी करेगा। हालाँकि, बीसीसीआई ने नीलामी कार्यक्रम में बदलाव का कोई संकेत नहीं दिया है, नवीनतम विज्ञप्ति में आयोजन की तारीख 16 दिसंबर दोहराई गई है।
बीसीसीआई के संदेश में गोवा नीलामी से जुड़ी समय-सीमा भी बताई गई है। खिलाड़ियों के पंजीकरण की प्रक्रिकया आज से शुरु हो गई है। फ्रेंचाइजी के पास अपनी रिटेंशन और रिलीज की प्रक्रिया पूरी करने के लिए मंगलवार (17 नवंबर) तक का समय है, जिसके बाद 23 नवंबर को खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की विंडो बंद हो जाएगी। इसके बाद, टीमों के पास नीलामी के लिए चुने गए खिलाड़ियों की अंतिम सूची जमा करने के लिए एक दिसंबर तक का समय होगा। खिलाड़ियों के सेट सहित नीलामी का अंतिम रजिस्टर तीन दिसंबर को जारी किया जाएगा।
