मुंबई, 02 नवंबर (वार्ता) वाणिज्यिक बैंकों के डॉलर की खरीद बढ़ाने से अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में सोमवार को रुपया सात पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.84 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 94.77 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपया आज 13 पैसे टूटकर 94.90 रुपये प्रति डॉलर पर खुला लेकिन कुछ ही देर में 94.70 रुपये प्रति डॉलर तक चढ़ गया। हालांकि इसके बाद वाणिज्यिक बैंकों ने कम भाव पर डॉलर की खरीद शुरू कर दी जिससे रुपया दबाव में आ गया। दोपहर बाद 95.04 रुपये प्रति डॉलर तक टूटने के बाद अंत में यह 94.84 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल और अमेरिकी डॉलर में नरमी से रुपये को समर्थन मिला और इसकी गिरावट सीमित रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा, जिसे कच्चे तेल का मानक कहा जाता है, फिलहाल चार प्रतिशत टूटकर 109 डॉलर प्रति बैरल से नीचे है। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.3 प्रतिशत की गिरावट रही। इन दोनों कारकों ने रुपये की गिरावट को सीमित रखा।
घरेलू स्तर पर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में लिवाली रहने से भी रुपये को बल मिला। उन्होंने आज 35.58 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया।
