
जबलपुर। बरगी बांध के जीरो टंकी पिचिंग एरिया में बुधवार को होली के उल्लास के बीच अपने दोस्तों के साथ नहाने गया 24 वर्षीय युवक शैलेष नेमा गहरे पानी में डूब गया था जिसका शव आज सुबह बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरगी नगर निवासी रोशन कोईराला (23) जानसन स्कूल में शिक्षक है। बुधवार को वह अपने दोस्त सागर साहू और शैलेष नेमा के साथ होली खेलने के बाद नहाने के लिए बरगी बांध के जीरो टंकी पिचिंग एरिया गया था। रोशन और सागर को तैरना नहीं आता था, इसलिए वे किनारे पर ही नहा रहे थे, जबकि शैलेष नहाते-नहाते गहराई की ओर चला गया था अचानक शैलेष डूबने लगा और उसने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई। चीख सुनकर पास ही नहा रहा एक अन्य युवक उसे बचाने के लिए पानी के भीतर भी गया था, लेकिन वह शैलेष को बाहर निकालने में असफल रहा। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। काफी मशक्कत के बाद भी युवक का पता नहीं चल पाया था। पुलिस ने गुमइंसान कायम कर मामले को जांच में लिया और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश की जा रही थी आज सुबह से भी रेस्क्यू ऑपरेशन चला जिसके बाद शव को बरामद कर लिया गया है।
