
जबलपुर। बरगी थाना अंतर्गत बसंतनगर के समीप जंगल में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बसंतनगर निवासी राजाराम भूमिया (20) जब श्मशान घाट के पीछे से अपने खेत जा रहा था, तभी उसे जंगल की ओर से भारी दुर्गंध आई। जब उसने अंदर जाकर देखा, तो वहां एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। शव काफी पुराना होने के कारण सड़ चुका था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल है। सूचना मिलते ही बरगी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत होती है और हुलिए से ऐसा लग रहा है कि मौत करीब 6-7 दिन पहले हुई होगी। चेहरा पूरी तरह खराब हो जाने के कारण फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके।
