मुंबई, 05 जुलाई (वार्ता) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सहकारी बैंकों ने कॉरपोरेट बैंकों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिससे उन चिंताओं पर विराम लग गया है कि सहकारी आंदोलन 21वीं सदी में जीवित रहने या प्रतिस्पर्धा करने के लिए संघर्ष करेगा।
अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र राज्य सहकारी संघ और सहकारी महाराष्ट्र द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा कि कई लोगों ने सवाल उठाया था कि क्या सहकारी क्षेत्र कॉरपोरेट क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा का सामना कर पाएगा, लेकिन सहकारी बैंकों ने अपने बेहतर प्रदर्शन से अपनी मजबूती साबित की है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि सहकारी क्षेत्र में प्रशिक्षण के लिए पहले निर्धारित किए गए धन को एक महीने के भीतर बहाल कर दिया जाएगा।
इस कार्यक्रम में उद्योग मंत्री उदय सामंत, सहकारिता राज्य मंत्री पंकज भोयार, विधायक चित्रा वाघ, अभिजीत पाटिल और संजय भेंडे, महाराष्ट्र राज्य सहकारी संघ के निदेशक शिवाजीराव नलवड़े, महाराष्ट्र राज्य सहकारी बैंक के प्रशासनिक अध्यक्ष विद्याधर अनास्कर और प्रवीण दरेकर शामिल हुए।
समारोह में विद्याधर अनास्कर को सहकार महर्षि पुरस्कार मिला, जबकि विधायक विनय कोरे को सहकार भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भगिनी निवेदिता सहकारी बैंक की अध्यक्ष डॉ. रेवती पैठणकर को सहकार रत्न पुरस्कार मिला। पतसंस्था महासंघ के अध्यक्ष दीपक पटवर्धन को सहकार गौरव पुरस्कार प्रदान किया गया। अन्नासाहेब सावंत नगरी सहकारी बैंक की अध्यक्ष शोभाताई सावंत को महिला सहकार शक्ति पुरस्कार मिला, जबकि शिवाजीराव नलवड़े को सहकार विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सहकार प्रेरणा पुरस्कार संभागीय संयुक्त रजिस्ट्रार शहाजी पाटिल, सहकारिता विभाग के संयुक्त सचिव संतोष पाटिल और जिला उप रजिस्ट्रार राजेश लव्हेकर को प्रदान किया गया।
मुंबई बैंक के अध्यक्ष सिद्धार्थ कांबले, मुंबई हाउसिंग फेडरेशन के अध्यक्ष प्रवीण दरेकर और चारकोप अभिलाषा हाउसिंग कोऑपरेटिव सोसाइटी के श्रीकांत कावथणकर को सहकार नवोन्मेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
