
छतरपुर। जिले में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात जिले में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसे सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे रिकॉर्ड किया गया। बीते दिनों के मुकाबले तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री था, जो सोमवार को बढ़कर 6.5 डिग्री हो गया। कोहरा और बादल छंटने के कारण ठंड की तीव्रता में कमी आई है।
सोमवार सुबह आसमान पूरी तरह साफ रहा और धूप खिली हुई नजर आई। सुबह 6 बजे ही सूर्य के दर्शन हो गए थे, वहीं सुबह के समय तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन का अधिकतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। फिलहाल जिले में आर्द्रता 95 प्रतिशत और दृश्यता 600 मीटर दर्ज की गई है। हालांकि, विभाग ने संकेत दिए हैं कि 15 जनवरी तक मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव और ठंड का असर बना रह सकता है।
