लखनऊ, जापान में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की स्टार पैरा एथलीट सिमरन ने इतिहास रच दिया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की रहने वाली और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित सिमरन ने प्रतियोगिता की 100 मीटर और 200 मीटर रेस में पहला स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) के पद पर तैनात सिमरन की इस दोहरी स्वर्णिम सफलता से पूरे देश और प्रदेश में जश्न का माहौल है।
निदेशक पंचायती राज धीरेंद्र सिंह सचान ने फोन पर दी बधाई, दिल्ली एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत की तैयार की गई विशेष योजना
सिमरन की इस ऐतिहासिक जीत पर पंचायती राज निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान ने उनसे फोन पर बात कर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सिमरन ने अपनी असाधारण प्रतिभा, कड़े अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सिमरन के आगमन पर उनका भव्य और सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाए और फिर उन्हें लखनऊ लाया जाए।
पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक जीत चुकी हैं सिमरन, प्रशासनिक सेवाओं के साथ खेल जगत में कायम की मिसाल
यह पहला मौका नहीं है जब सिमरन ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का तिरंगा फहराया हो। इससे पहले वे पेरिस पैरालंपिक 2024 में कांस्य पदक और 2024 व 2025 की वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण एवं रजत पदक जीत चुकी हैं। एक ओर जहां वे अपने प्रशासनिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर ट्रैक पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने युवाओं के लिए एक नई मिसाल कायम की है। प्रदेश सरकार की प्रोत्साहन नीतियों के दम पर सिमरन लगातार वैश्विक स्पर्धाओं में भारत की साख मजबूत कर रही हैं।

