मुंबई, 26 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड फिल्मकार सुभाष घई ने अपनी अगली फिल्म ‘मान्या’ की शूटिंग पूरी कर ली है। मुक्ता आर्ट्स की 48वीं वर्षगांठ के अवसर पर फिल्म का नया लुक पोस्टर जारी किया गया। फिल्म में श्रेयस तलपड़े नजर आएंगे, जो करीब दो दशक बाद मुक्ता आर्ट्स के साथ काम कर रहे हैं।समीर जोशी के निर्देशन में बनी ‘मान्या’ एक किशोर लड़के के जीवन पर आधारित है। फिल्म अपराध के पीछे छिपी मानवीय कहानी को सामने लाने का प्रयास करती है। इसका निर्माण मुक्ता आर्ट्स, पुनीत अग्रवाल और राहुल पुरी ने स्लो बर्न एंटरटेनमेंट के सहयोग से किया है। फिल्म में संवेदना सुवालका, दिव्या शर्मा, प्रियदर्शिनी पूजा और जोहेब फारूकी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
सुभाष घई ने कहा कि ‘मान्या’ मुक्ता आर्ट्स की यात्रा में एक नई और महत्वपूर्ण शुरुआत है। करीब दो दशक बाद श्रेयस तलपड़े के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा। इससे उन्हें श्रेयस की प्रतिभा और अभिनय के व्यापक दायरे को फिर से करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने फिल्म के कलाकारों के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि पूरी टीम ने कहानी में गहराई जोड़ी है। मुक्ता आर्ट्स ने 24 अक्टूबर को अपनी 48वीं वर्षगांठ मनाई। कंपनी अब फीचर फिल्मों, एनिमेटेड फिल्मों, ओटीटी सीरीज और डॉक्यूमेंट्री के क्षेत्र में विस्तार कर रही है।

