
खजुराहो। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी खजुराहो स्थित प्रसिद्ध मतंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही बुंदेलखंड सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान मतंगेश्वर का जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर श्रद्धापूर्वक 108 परिक्रमा लगाई और भगवान शिव से सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद मांगा।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नगर परिषद एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी बसंत चतुर्वेदी एवं अध्यक्ष अरुण कुमार उर्फ पप्पू अवस्थी के निर्देशन में शिवसागर तालाब घाट पर विशेष साफ-सफाई कराई गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसडीओपी मनमोहन बघेल और थाना प्रभारी नंद किशोर सोलंकी पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार मुस्तैद रहे। प्रशासन की सक्रियता के चलते श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से भगवान मतंगेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
