तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार, 20 नवंबर से पांच दिवसीय पंचक्रोशी यात्रा और कार्तिक मेले की शुरुआत हो रही है। गौमुख घाट से शुरू होने वाली इस यात्रा में शामिल होने के लिए मालवा और निमाड़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
पंचक्रोशी यात्रा को देखते हुए इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर 24 नवंबर तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वहीं, यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर और ब्लैक फिल्म भी हटवाई है।
इधर, गोपाष्टमी यानी 17 नवंबर से भगवान ओंकारेश्वर महादेव अपनी 15 दिवसीय पारंपरिक मालवा यात्रा पर निकले हुए हैं। इस दौरान मंदिर में शयन शृंगार स्थगित रहेगा, हालांकि नियमित दर्शन और संध्या शयन आरती जारी रहेगी।
वहीं, दूसरी ओर नर्मदा नदी में नालियों और सेप्टिक टैंकों का दूषित पानी मिलने के साथ प्लास्टिक कचरे की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। धार्मिक आयोजनों के बीच नर्मदा की स्वच्छता का मुद्दा भी चर्चा में बना हुआ है।
