कोबरा के काटने पर सपेरा सांप को डिब्बे में बंद कर पहुंचा अस्पताल

ग्वालियर: जयारोग्य अस्पताल (JAH) में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति हाथ में खून से लथपथ पट्टी बंधी हालत में एक डिब्बे में बंद जिंदा कोबरा लेकर इमरजेंसी वार्ड में पहुंच गया। डिब्बे में फुफकारते सांप को देखकर वहां मौजूद मरीजों और स्टाफ में अफरा-तफरी फैल गई।जानकारी के अनुसार, मऊ जमाहर गांव निवासी ग्यारसी नाथ पेशे से सपेरा है। आज सुबह सितावली गांव के कुछ ग्रामीण उसके पास पहुंचे और बताया कि गांव के एक घर में जहरीला सांप घुस आया है। सूचना मिलते ही ग्यारसी अपने औजार लेकर सितावली गांव पहुंचा।
ग्रामीणों के मुताबिक घर के अंदर एक बड़ा कोबरा छिपा बैठा था। ग्यारसी ने बड़ी सूझबूझ से कोबरा को पकड़ लिया और उसे एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया। इसी दौरान कोबरा ने फुर्ती से पलटवार करते हुए उसके हाथ पर डस लिया।
कोबरा के काटने के बाद ग्यारसी ने घबराने के बजाय खुद ही प्राथमिक उपचार किया। उसने तुरंत जेब में रखे चाकू से दंश वाली जगह पर चीरा लगाया और हाथ के ऊपर कपड़े से कसकर पट्टी बांध दी, ताकि जहर शरीर में ऊपर की ओर न फैले। इसके बाद वह बिना देर किए डिब्बे में बंद कोबरा के साथ सीधे ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल आ गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उसे इमरजेंसी में भर्ती कर एंटी स्नेक वेनम देना शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, ग्यारसी द्वारा लगाया गया चीरा और कसकर बांधी गई पट्टी गलत तरीका है, इससे हाथ में इंफेक्शन और खून का बहाव रुकने से नुकसान हो सकता है। फिर भी समय पर अस्पताल पहुंचने से उसकी जान बच गई।
फिलहाल ग्यारसी की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। वहीं डिब्बे में बंद कोबरा को वन विभाग को सौंपने की तैयारी की जा रही है।

Next Post

महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग पर बढ़ रहा ज़बरदस्त आर्थिक बोझ : कांग्रेस

Tue Sep 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि मोदी सरकार हर सप्ताह महंगाई का नया कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इसका असर अब केवल रसोई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि घर बनाने से लेकर बिजली के सामान तक की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की […]

You May Like

मनोरंजन