जयपुर 15 सितंबर (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रदेश ने हरियाली के संकल्प को जनभागीदारी की ताकत से नई गति देते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है और हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वर्ष 2026-27 के 10 करोड़ पौधें लगाने का लक्ष्य निर्धारित समय से पूर्व पूरा कर लिया गया है।
श्री शर्मा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के आह्वान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि 10 करोड़ पौधों का रोपण प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। जनभागीदारी से किया गया यह प्रयास राजस्थान के हरित भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। उन्होंने इस जन अभियान को सफल बनाने वाले सभी प्रदेशवासियों, जनप्रतिनिधियों और विभागों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाकर रोपे गए हर पौधे की देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
